रुद्रपुर। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए उनके घरों पर कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ढोल-नगाड़े बजवाकर मुनादी कराई तथा उन्हें न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की चेतावनी दी।
पुलिस के अनुसार चोरी, मारपीट और जुआ अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बुधवार को रम्पुरा क्षेत्र में दबिश अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन आरोपी अपने घरों पर नहीं मिले।
इसके बाद न्यायालय से जारी आदेशों के अनुपालन में पुलिस ने सुरेश कोरी निवासी वार्ड नंबर-22 रम्पुरा, मुन्तियाज निवासी पहाड़गंज तथा भूरा निवासी वार्ड नंबर-18 खेड़ा के घरों पर कुर्की उद्घोषणा की कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए फरार आरोपियों को निर्धारित समय में उपस्थित होने का नोटिस दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के लगातार फरार रहने की स्थिति में उनकी संपत्ति कुर्क किए जाने की आगे की कार्रवाई भी की जा सकती है। कार्रवाई के दौरान संबंधित मोहल्लों में लोगों की भीड़ जुटी रही और पुलिस ने न्यायालय के आदेश की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी।
पुलिस का कहना है कि फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी है तथा न्यायालय के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी। अभियान में कोतवाली रुद्रपुर और चौकी रम्पुरा की पुलिस टीम शामिल रही।




