NEET-2026: ऊधम सिंह नगर में 21 जून को होगी परीक्षा, 5 केंद्रों पर 2528 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

Share the news

रुद्रपुर। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) आगामी 21 जून (रविवार) को जनपद ऊधम सिंह नगर के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी, जिसमें कुल 2528 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

गुरुवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा कार्य अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनपद में परीक्षा के लिए प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर का नया भवन, प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर का पुराना भवन, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर तथा पीएम श्री अटल उत्कृष्ट एएन झा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

एडीएम ने निर्देश दिए कि प्रश्नपत्रों को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा जाए और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही खोला जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर स्थापित कर उनकी कार्यक्षमता की जांच करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों से भी अपील की गई है कि वे ऐसे उपकरण घर पर ही छोड़कर आएं।

परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही संबंधित उप जिलाधिकारियों को परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर बिजली, पेयजल, एंबुलेंस और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य कंचन जोशी, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. सुधीर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जबकि संबंधित उप जिलाधिकारी और केंद्र प्रभारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *