रुद्रपुर, संवाददाता। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की अमरदेव कॉलोनी में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर नकदी, सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार सहित शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए बाहर गया हुआ था। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार अमरदेव कॉलोनी निवासी दीपक सक्सेना आठ जून को अपने परिवार के साथ शिरडी साईं बाबा के दर्शन के लिए गए थे। इस दौरान उनका मकान बंद था। बताया जा रहा है कि घर में संदिग्ध गतिविधि देखने पर किसी स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने 12 जून को दीपक सक्सेना को फोन कर घटना की जानकारी दी।
रविवार को परिवार के लौटने पर चोरी की वारदात का पूरा खुलासा हुआ। घर पहुंचकर उन्होंने देखा कि कमरों के दरवाजे खुले हुए थे, जबकि अलमारी और लॉकर टूटे पड़े थे। सामान की जांच करने पर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती वस्तुएं गायब मिलीं। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये में है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने पहले मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने घर के पीछे सीढ़ी लगाकर छत तक पहुंच बनाई। छत पर बनी गुमटी को काटकर चोर मकान के अंदर दाखिल हुए और आराम से पूरी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर एसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। वहीं क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रांजिट कैंप कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि चोरी की वारदात के खुलासे के लिए कई बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




