रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास स्कूटी को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने और इसके बाद मारपीट के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी सन्नी चुघ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को गंगापुर रोड से पकड़ा। उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में विवेचना के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार सात अगस्त की रात अभिषेक और जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने वाहन से उतरकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों से मारपीट की और फोन कर अन्य साथियों को भी मौके पर बुलाया।
घटना के संबंध में आठ अगस्त को अभिषेक के भाई अंकित ने पुलिस को तहरीर दी थी। इसके आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ पुत्र स्व. राधेश्याम, निवासी भूरारानी, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।



