तो इसलिए हुई थी अग्निवीर की तैयारी कर रहे युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या

Share the news

शादी समारोह की रंजिश में युवक की हत्या, दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला

– रानीखेत पुलिस ने नामजद आरोपी को किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन बरामद

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ऐना गांव में युवक की हत्या और दो महिलाओं पर जानलेवा हमले के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में हुए विवाद को हत्या की वजह बताया है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर शाम मजखाली चौकी क्षेत्र के ऐना गांव में जगत सिंह बोरा ने सागर सिंह पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचीं सागर की मां जानकी देवी और दादी शोभा (साबुली) देवी पर भी आरोपी ने लोहे के घन और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में मृतक और उसके भाई से कहासुनी हुई थी। उसी विवाद की रंजिश में उसने वारदात को अंजाम दिया।

इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को शव उठाने से इनकार करते हुए कोतवाली में करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर परिजन और ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले की अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *