तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी को रौंदा, चार युवकों की मौत, तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर देर रात हुआ दर्दनाक हादसा, जांच में जुटी पुलिस

Share the news

हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की स्कूटी से जोरदार टक्कर के बाद चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (संख्या UK04U-7275) ने एनएच-109 स्थित तीनपानी बाईपास फ्लाईओवर के घुमाव पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार चारों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने पहले तीन युवकों को मृत घोषित किया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राजपूत, शिवम, आशु गौरा और आदि टम्टा के रूप में हुई है। सभी पड़ाव क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और यातायात को सुचारू कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि तीनपानी फ्लाईओवर पर स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर में चार युवकों की मौत हुई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *