शर्मसार: रुद्रपुर में कलयुगी पिता ने 10 वर्षीय मासूम पुत्री से किया दुष्कर्म, पत्नी के विरोध करने पर पीटा, नशे की हालत में वारदात को अंजाम देने का आरोप

Share the news

विरोध करने पर पत्नी को दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने मामले की जांच की शुरू

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)।

कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा (वार्ड नंबर 14) में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 10 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म जैसा घिनौना कृत्य किया। विरोध करने पर आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और किसी को बताने या पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

भदईपुरा निवासी महिला (किरण) ने कोतवाली रुद्रपुर में दी गई अपनी तहरीर में बताया कि 3 अगस्त की रात करीब 1:00 बजे वह अपने 3 वर्षीय पुत्र के साथ चारपाई पर सो रही थी, जबकि उसकी 10 वर्षीय पुत्री पास में ही बेड पर सोई हुई थी। इसी दौरान उसका पति (बबलू) अत्यधिक शराब के नशे में घर पहुंचा और नाबालिग पुत्री के पास जाकर लेट गया।

कुछ देर बाद जब बच्ची घबराकर चिल्लाने लगी, तो मां ने उसे शांत कराकर दोबारा सुला दिया। लेकिन थोड़ी देर बाद बच्ची के पुनः असहज होने पर जब मां ने लाइट जलाई, तो आरोपी पिता अपनी ही मासूम बेटी के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म (रेप) कर रहा था।

विरोध करने पर की मारपीट

महिला ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत अपनी बेटी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। जब उसने इस अमानवीय कृत्य का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी पति ने उसके साथ भी जमकर मारपीट की और बात सार्वजनिक करने या पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी।

“पीड़िता की मां ने पुलिस से आरोपी पति के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने, बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) कराने तथा परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।”

पुलिस जांच में जुटी

तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वैधानिक कार्रवाई और बच्ची के चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *