
ऑपरेशन प्रहार की बड़ी सफलता: 12 घंटे में 4 बाइक चोर गिरफ्तार, चोरी की 3 मोटरसाइकिल बरामद
रिपोर्ट सत्यजीत सरकार
- बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों का असर एक बार फिर देखने को मिला। ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का त्वरित खुलासा करते हुए महज 12 घंटे के भीतर चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।
- पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को शुगर फैक्ट्री मैदान से एक प्लेटिना बाइक और 14 जुलाई को राज अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर से पैशन प्रो बाइक चोरी होने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अगस्त को शुगर फैक्ट्री क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
- गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से बाजपुर के दोनों मामलों की चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गदरपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने इसे वाहन चोरी के विरुद्ध बड़ी सफलता बताया है।




