उधमसिंह नगर में कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के लिए अवकाश घोषित
रुद्रपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के भारी बारिश व आकाशीय बिजली के अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। आदेश के तहत कक्षा 12 तक संचालित सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके साथ ही पंजीकृत आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों के लिए अवकाश रहेगा।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 25 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के कई जिलों में कहीं-कहीं सामान्य से अधिक बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। 26 और 27 सितंबर के लिए जारी अलर्ट में भी गरज के साथ आकाशीय बिजली और कहीं-कहीं अत्यधिक तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
प्रशासन ने लगातार बारिश के कारण जिले में बहने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को भी गंभीरता से लिया है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने 26 सितंबर को अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए हैं।
आदेश में सभी तहसीलों और संबंधित विभागों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
