रुद्रपुर” रेलवे भूमि से अवैध मजार ध्वस्त, तड़के बुलडोजर कार्रवाई में प्रशासन सख्त, नोटिस के बावजूद नहीं दिखाए दस्तावेज, हाईवे चौड़ीकरण और रेलवे परियोजना में बन रही थी बाधा

Share the news

किच्छा/उधम सिंह नगर।

उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। किच्छा-पंतनगर हाईवे पर एम्स के पास स्थित इस अवैध निर्माण पर शुक्रवार तड़के जिला प्रशासन और भारतीय रेलवे की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, संबंधित मजार प्रबंधन को इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे। 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को जारी नोटिसों में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया और न ही अतिक्रमण हटाया गया। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने 25 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन से सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर तैयार योजना के तहत सुबह तड़के अभियान चलाया गया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की संवेदनशील सामग्री या अवशेष नहीं मिले और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई।

प्रशासन का कहना है कि यह अवैध निर्माण रेलवे की विस्तार योजना के साथ-साथ बरेली-नैनीताल राज्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में भी बाधा बन रहा था। सार्वजनिक परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्रवाई को आवश्यक बताया गया है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। अब तक प्रदेश में 582 से अधिक अवैध संरचनाओं को सरकारी भूमि से हटाया जा चुका है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में जहां भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *