गूलरभोज में 100 से 150 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया; बाजपुर में जलनिकासी और राहत कार्य जारी
रुद्रपुर। जिले में रविवार को हुई भारी अतिवृष्टि से नदियां उफान पर आ गईं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। जसपुर, बाजपुर और गदरपुर में पानी रिहाइशी इलाकों तक पहुंचने के बाद प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और संबंधित उप जिलाधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत कार्यों की निगरानी की।
जसपुर के ग्राम हजीरों में फीका नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से स्कूल जा रहे दो बच्चे नदी पार नहीं कर सके। सूचना मिलते ही राजस्व और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और 14 वर्षीय निमरत कौर तथा 15 वर्षीय अवतार सिंह को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। दोनों बच्चों को परिजनों के सुपुर्द कर सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया। फिलहाल जसपुर में स्थिति सामान्य बताई गई है।
बाजपुर के चकरपुर क्षेत्र में लेवड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से इंदिरा कॉलोनी, खमरिया, यादव कॉलोनी, झारखंडी और गोबरा के रिहाइशी इलाकों में पानी घुस गया। करीब 300 घर प्रभावित हुए हैं। प्रशासन जेसीबी और अन्य संसाधनों से जलनिकासी करा रहा है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। एडीएम ने राजस्व टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।
उधर, गदरपुर के गूलरभोज में वार्ड संख्या एक, चार, पांच, छह और सात में घुटनों तक पानी भर गया। करीब 40 परिवारों के 100 से 150 लोगों को नगर पंचायत और जनसमुदाय भवन में शिफ्ट कराया गया है। प्रशासन के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
