महिला आरक्षण विरोधियों पर बरसी रेखा आर्या, बोलीं—आधी आबादी का अपमान करने वालों को चुनाव में सिखाएगी जनता कड़ा सबक

Share the news

काशीपुर (उधम सिंह नगर), 20 अप्रैल। प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को काशीपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने साफ कहा कि आधी आबादी के अधिकारों का विरोध करने वालों को जनता आने वाले चुनावों में करारा जवाब देगी।

प्रेस वार्ता के दौरान रेखा आर्या ने कांग्रेस, सपा और तृणमूल कांग्रेस जैसे दलों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने महिला आरक्षण विधेयक का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि देश की महिलाओं के सम्मान और अधिकारों से जुड़ा विषय है।

उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं इस मुद्दे को गंभीरता से लेंगी और लोकतंत्र के महापर्व में अपने मताधिकार के जरिए विपक्ष को सबक सिखाएंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बराबरी का हक दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के अपने संकल्प पर पूरी तरह अडिग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं और महिला आरक्षण को लागू करना भी उसी कड़ी का अहम कदम है।

इस मौके पर राज्य मंत्री सीमा चौहान, मनजीत सिंह राजू, काशीपुर के मेयर दीपक बाली, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह, जिला महामंत्री सुशील शर्मा, पूर्व मेयर उषा चौधरी सहित कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *