ड्यूटी पर वन अधिकारी से मारपीट, पिता पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला
काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र के शिवराजपुर में दबंगों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि ड्यूटी पर तैनात वन बीट अधिकारी और उनके वृद्ध पिता पर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। सोमवार रात हुई इस सनसनीखेज वारदात में अधिकारी के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिवराजपुर बीट में तैनात वन अधिकारी स्वतंत्र कुमार को सूचना मिली थी कि कुछ लोग उनकी चौकी से लकड़ी चोरी कर ले गए हैं। इस पर वह रात करीब 9:30 बजे मंदिर के पास पहुंचे और आरोपितों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान वहां मौजूद गांव के कुछ दबंगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, विजेंद्र, सर्वेश व सत्येंद्र (पुत्र जयराम), मनोज (पुत्र धर्मपाल) और राजीव (पुत्र हरचरन) ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर वन अधिकारी के पिता कैलाश सिंह मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने लाठियों से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया।
घटना के दौरान वन अधिकारी किसी तरह जान बचाकर मौके से भागे और सीधे कुंडा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने तहरीर में आरोप लगाया है कि आरोपितों से उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा बना हुआ है।
कुंडा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ ने बताया कि तहरीर के आधार पर सभी पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




