सियासी भूचाल: मायावती की भतीजी एलिस ने पति व ससुरालवालों पर दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का केस..

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की भतीजी एलिस ने अपने पति सहित ससुराल के सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

कोर्ट के आदेश पर नगर कोतवाली हापुड़ में यह मुकदमा दर्ज हुआ है। इस केस के आरोपितों में एलिस की सास पुष्पा देवी भी शामिल हैं, जो हापुड़ नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष हैं और बसपा के टिकट पर यह चुनाव जीती थीं।

शादी के कुछ ही महीनों में बिगड़े रिश्ते

30 वर्षीय एलिस, मायावती के भाई नरेश कुमार की बेटी हैं। उन्होंने 9 नवंबर 2023 को विशाल से शादी की थी। शादी के बाद से ही एलिस के मुताबिक, ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया और उन पर गाजियाबाद के इंद्रापुरम में एक फ्लैट और 50 लाख रुपये कैश की मांग का दबाव बनने लगा।

“बुआ मायावती हैं, तो पैसा क्यों नहीं लाती?”

एलिस का आरोप है कि ससुराल वाले बार-बार उसे यह कहकर मानसिक प्रताड़ना देते थे कि उसकी बुआ मायावती बीएसपी की सुप्रीमो हैं और करोड़ों की मालकिन हैं, तो वह दहेज क्यों नहीं ला सकती? मांगें पूरी न होने पर, एलिस के मुताबिक, उसके साथ मारपीट शुरू हो गई और उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पति पर यौन अक्षमता का आरोप

एलिस ने अपने पति विशाल पर स्टेरॉयड के अत्यधिक सेवन का आरोप लगाया है, जिससे उनकी यौन क्षमता प्रभावित हुई है। एलिस ने इसे अपनी वैवाहिक जिंदगी बर्बाद होने की एक बड़ी वजह बताया है।

सियासी गलियारों में हलचल

यह मामला सामने आने के बाद से हापुड़ ही नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली तक सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मामले की जांच अब पुलिस के हाथ में है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।