रुद्रपुर। पोक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के आरोप में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार चौकी रमपुरा में तैनात आरक्षी विजय दरमियाल और हेड कांस्टेबल कृष्ण प्रसाद एक पोक्सो मामले में विधि-विवादित किशोर के जन्मतिथि प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए एसपीआर पब्लिक स्कूल पहुंचे थे। विद्यालय अवकाश के कारण बंद था, लेकिन परिसर में मौजूद आशीष कुमार से पूछताछ की गई। पुलिस का आरोप है कि उसने विद्यालय के संबंध में भ्रामक जानकारी देने का प्रयास किया।
बताया गया कि जब पुलिस ने दोबारा पूछताछ की तो आशीष कुमार, उसकी बहन रेखा, सरिता तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी गई तथा वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए सरिता, रेखा और आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक राजवती, प्रदीप कुमार और संजय अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।




