रुद्रपुर। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मतदान केंद्रों से लेकर आसपास के इलाकों तक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और चेकिंग की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने देने के निर्देश दिए।
पुलिस ने मतदान केंद्रों और उनके आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ पुलिस टीमों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर है। भ्रामक सूचना, अफवाह या चुनावी माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।
एसएसपी ने लोगों से बिना किसी भय के मतदान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
