बांग्लादेश से बाजपुर तक सिम बॉक्स का गुप्त नेटवर्क, पांच हजार के कमरे से विदेशी कॉल का खेल; 114 सिम और 77 एंटीना बरामद, जांच में खुलेंगे नेटवर्क के राज

सिम बॉक्स, 114 एयरटेल सिम और 77 एंटीना बरामद, बांग्लादेश के व्यक्ति से संपर्क का खुलासा

रुद्रपुर। विदेश से आने वाली साइबर अपराधियों की कॉल को भारतीय मोबाइल नंबरों के जरिए सामान्य कॉल में बदलने के मामले में साइबर थाना पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने बाजपुर से एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के किराये के कमरे से 32-स्लॉट का सिम बॉक्स, 114 एयरटेल सिम, 77 एंटीना समेत बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन सिम और उपकरणों से की गई कॉल का रिकॉर्ड खंगाल रही है।

 

संचार मंत्रालय से मिले पत्र के बाद साइबर थाना पुलिस 72 संदिग्ध मोबाइल नंबरों की जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस को बाजपुर के एक सिम विक्रेता के बारे में जानकारी मिली। पूछताछ में सामने आया कि वह अलग-अलग लोगों के दस्तावेजों पर लिए गए एयरटेल सिम कादिर को उपलब्ध कराता था। कादिर मूल रूप से मिलक जुम्मा वाली, ग्राम बेरखेड़ा चेक, थाना भगतपुर, मुरादाबाद का रहने वाला बताया गया है।

 

पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो वह घर पर नहीं मिला। बाद में उसके बाजपुर में ईदगाह के सामने किराये के कमरे में रहने की जानकारी मिली। सोमवार देर रात साइबर थाना प्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं और पुलिस की टीम ने कमरे में दबिश दी। कमरे में बिजली नहीं थी, लिहाजा मोबाइल और इमरजेंसी लाइट की रोशनी में तलाशी ली गई। मौके से कादिर पकड़ा गया।

 

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के अनुसार, कमरे से सिम बॉक्स के साथ इंटरनेट राउटर, नेटवर्क केबल, एडाप्टर, मीडिया कन्वर्टर और अन्य उपकरण भी मिले। एक सैमसंग मोबाइल भी बरामद हुआ।

 

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इंटरनेट के जरिए विदेश से आने वाली कॉल को सिम बॉक्स में लगे भारतीय सिम की मदद से सामान्य मोबाइल कॉल में बदला जाता था। उसने बांग्लादेश निवासी शाहिद से वाट्सएप पर संपर्क होने और उसके जरिए सिम बॉक्स मिलने की बात भी बताई। इसके संचालन के एवज में हर माह 50 हजार रुपये मिलने का दावा किया गया है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।