रुद्रपुर/जसपुर। जसपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का रूप देकर हत्या छिपाने की साजिश का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुरानी रंजिश के चलते कार से मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मारकर युवक की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक घायल हो गए हैं और कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को सड़क किनारे नहर में क्षतिग्रस्त बाइक मिली, लेकिन घायलों का कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन मृतक नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने कोतवाली जसपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने कासमपुर निवासी पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू और नई बस्ती निवासी जाकिर गुज्जर पर कार से जानबूझकर बाइक में टक्कर मारकर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर हाईवे से दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (यूपी-21 डीएफ-4379) सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन उनका नितिन और उसके साथियों से विवाद हुआ था। बाद में प्रतिशोध में उन्होंने बाइक को कार से टक्कर मारकर कुचल दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इंसेट : एक आरोपी पर पहले से दर्ज है मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू के खिलाफ वर्ष 2020 में जबरन वसूली, गलत तरीके से रोकने और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वहीं दूसरे आरोपी जाकिर गुज्जर का आपराधिक इतिहास भी पुलिस खंगाल रही है।




