तेज रफ्तार जेसीबी ने महिला को कुचला, मौके पर मौत, बेटी के सामने हुआ हादसा, चालक वाहन समेत फरार; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

रुद्रपुर के नैनीताल रोड स्थित परशुराम चौक के पास शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बेटी के साथ सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार जेसीबी ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी बेटी उछलकर दूर जा गिरी। घटना के बाद चालक जेसीबी समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मूल रूप से खुरूड़ी, ब्लॉक भिकियासैंण जिला अल्मोड़ा तथा वर्तमान में सिविल लाइंस, रुद्रपुर निवासी ललिता जोशी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी छोटी बहन विमला हर्बोला शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे अपनी बेटी के साथ उनके घर से अपने कमरे की ओर लौट रही थी।

बताया गया कि जब विमला नैनीताल रोड पर परशुराम चौक के निकट विशाल मेगा मार्ट के सामने सड़क पार कर रही थी, तभी रोडवेज बस स्टेशन की ओर से तेज गति से आ रही एक जेसीबी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और जेसीबी की चपेट में आ गई। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच चालक भीड़ का फायदा उठाकर जेसीबी लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।

मृतका की बड़ी बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार चालक और जेसीबी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *