नानकमत्ता दबिश कांड: वृद्ध महिला की मौत पर बवाल, एसएसपी अजय गणपति सख्त, निष्पक्ष जांच के लिए चार पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

संवाददाता, ऊधमसिंहनगर।

जनपद के नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान एक वृद्ध महिला की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने त्वरित संज्ञान लिया और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को कोतवाली नानकमत्ता में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 59/2026, धारा 137(2), 64, 115, 351(2), 127(2) बीएनएस एवं 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित आरोपी कुलदीप सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ग्राम सिद्धा नवदिया में दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान मौके पर एक वृद्ध महिला पहुंची, जिसने अचानक तबीयत बिगड़ने की बात कही और जमीन पर गिर गई।

पुलिस द्वारा तत्काल महिला को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत के बाद पूरे मामले ने संवेदनशील रूप ले लिया, जिसके चलते पुलिस प्रशासन हरकत में आया।

घटना की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए एसएसपी ने मामले की जांच पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर को सौंप दी है। साथ ही, प्रथम दृष्टया लापरवाही की आशंका को देखते हुए कोतवाली नानकमत्ता में तैनात उपनिरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार, कांस्टेबल लोकेश तिवारी और महिला कांस्टेबल बबीता रानी को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ