दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट का भी आरोप, मायके पहुंचकर तलाक का दबाव बनाने पर बवाल
हरिद्वार। श्यामपुर कोतवाली क्षेत्र के कांगड़ी गांव में एक विवाहिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। महिला का आरोप है कि पति ने उसे तलाक दिए बिना ही दूसरी शादी कर ली। इतना ही नहीं, दूसरी शादी के बाद वह लगातार उस पर तलाक देने का दबाव बनाता रहा और विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर श्यामपुर पुलिस ने पति और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 23 नवंबर 2023 को मुजफ्फरनगर निवासी व्यक्ति से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2025 में पति ने उसे तलाक दिए बिना दूसरी महिला से शादी कर ली। शिकायत में दावा किया गया है कि दूसरी पत्नी से नौ जनवरी 2026 को बच्ची का जन्म हुआ और जन्म संबंधी अभिलेख में उसके पति का नाम पिता के तौर पर दर्ज है। दूसरी शादी के बाद पति लगातार उस पर तलाक देने का दबाव बनाने लगा। प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके कांगड़ी में रहने लगी।
पीड़िता के मुताबिक, 25 जून को पति अचानक मायके पहुंचा और फिर तलाक के लिए दबाव बनाने लगा। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर मां और बहन ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद महिला ने श्यामपुर कोतवाली पहुंचकर पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति और उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
