काशीपुर। ग्राम खाईखेड़ा में नाले और खेतों की आड़ में चल रहे अवैध कच्ची शराब के कारोबार पर सोमवार को आबकारी विभाग ने जोरदार प्रहार किया। विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत टीम ने अचानक दबिश देकर नाले में चल रहीं दो अवैध शराब की भट्टियों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 12 हजार किलोग्राम लहन मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में खलबली मच गई।
आबकारी टीम ने भट्टियों के आसपास भी सघन तलाशी अभियान चलाया। यहां से करीब 80 लीटर तैयार कच्ची शराब बरामद हुई। इसके बाद टीम ने सड़क किनारे खेतों को खंगाला तो वहां भी अवैध शराब का जखीरा छिपा मिला। तलाशी में खेतों से करीब 90 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। यानी कार्रवाई में कुल 170 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई।
नाले को शराब की भट्ठियों के लिए इस्तेमाल किए जाने से साफ है कि कारोबारियों ने आबादी और निगरानी से बचने के लिए सुनसान ठिकाने तलाश रखे थे। हालांकि आबकारी टीम की कार्रवाई ने इन अड्डों पर पानी फेर दिया। भट्टियां तोड़ने के साथ भारी मात्रा में लहन नष्ट किए जाने से अवैध शराब तैयार करने की पूरी प्रक्रिया को बड़ा झटका लगा है।
माननीय आबकारी आयुक्त और संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल के आदेश पर जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। मामले में अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज कर लिया गया है। अब विभाग बरामदगी और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों तक पहुंचने की कवायद में जुटा है।
कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, उप आबकारी निरीक्षक असीस सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट तथा आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र, सुमन आर्या और नैनिका राणा शामिल रहे। विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
