पति से विवाद के बाद ट्रेन में बदला कोच, मोबाइल सिम फेंक बिहार पहुंची प्रज्ञा; पांच दिन बाद बेगूसराय स्टेशन से सकुशल बरामद

Share the news

रुद्रपुर/लक्सर। देहरादून से गाजियाबाद जाते समय लापता हुई महिला प्रज्ञा सिंह के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला कि महिला पति से हुए मनमुटाव के बाद नाराज होकर ट्रेन में ही अलग कोच में चली गई थी और बाद में दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार पहुंच गई। पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी 29 वर्षीय प्रज्ञा सिंह पत्नी मनीष अग्रहारि वर्तमान में नोएडा में रहती हैं। वह 5 मई को अपने पति के साथ केदारनाथ यात्रा से लौट रही थीं और नंदा देवी एक्सप्रेस से देहरादून से गाजियाबाद जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नाराज होकर प्रज्ञा अपने रिजर्वेशन वाले कोच से निकलकर दूसरी बोगी में जाकर बैठ गई।

पूछताछ में महिला ने बताया कि लक्सर रेलवे स्टेशन के पास उसने मोबाइल फोन से सिम निकालकर फेंक दिया था, ताकि कोई उससे संपर्क न कर सके। इसके बाद वह गाजियाबाद उतर गई और वहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार के पटना पहुंच गई, जहां उसके कुछ परिचित रहते हैं।

महिला के अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया था और कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए तलाश अभियान चलाया। इसी क्रम में 10 मई को महिला को बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में महिला ने साफ किया कि उसके साथ किसी प्रकार की आपराधिक घटना नहीं हुई और वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी। मामले में किसी अपराध की पुष्टि नहीं होने पर पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और बयान दर्ज करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि महिला को सकुशल बरामद कर लक्सर कोतवाली लाया गया था। बयान दर्ज कराने के बाद उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *