किच्छा में अवैध केमिकल का महाभंडाफोड़! 15,650 लीटर प्रतिबंधित रसायन का जखीरा बरामद, एसटीएफ की सबसे बड़ी कार्रवाई, गोदाम सील, अवैध शराब सिंडिकेट पर शिकंजा

Share the news

रुद्रपुर/किच्छा।

मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऊधमसिंहनगर के किच्छा क्षेत्र में अवैध केमिकल के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 15,650 लीटर प्रतिबंधित रसायन बरामद किया है। एसटीएफ, आबकारी विभाग और किच्छा पुलिस की संयुक्त टीम ने लालपुर स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर 108 ड्रमों में भरे एथेनॉल, ग्लूकोज और सर्बिटॉल के साथ 78 खाली ड्रम तथा अन्य उपकरण भी जब्त किए हैं। गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया है।

एसटीएफ के अनुसार बरामद सामग्री में करीब 9,050 लीटर एथेनॉल, 2,600 लीटर ग्लूकोज और 4,000 लीटर सर्बिटॉल शामिल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गोदाम का संचालन किच्छा निवासी राजकुमार खुराना पुत्र हरबंश खुराना द्वारा अवैध रूप से किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मोटर (टुल्लू पंप), प्लास्टिक पाइप, गेज, फ्लास्क और मापक यंत्र भी बरामद किए गए।

आबकारी विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी रसायनों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि एथेनॉल का उपयोग अवैध शराब बनाने में किए जाने की आशंका है, जबकि ग्लूकोज और सर्बिटॉल का इस्तेमाल खाद्य पदार्थों एवं दवाइयों के निर्माण में होता है। ऐसे रसायनों का अवैध भंडारण और उपयोग जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

एसटीएफ ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब, नकली रसायनों या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल एसटीएफ को सूचना दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *