रुद्रपुर। शहर के एक होटल के अधिकारी पर प्रॉपर्टी डीलर से अभद्रता और कमीशन से वंचित करने का आरोप लगने के बाद विवाद बढ़ गया। मामले की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता और स्थानीय पार्षद समर्थकों के साथ होटल पहुंच गए और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग को लेकर होटल के बाहर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर सिडकुल चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को शांत कराया।
आवास विकास निवासी प्रॉपर्टी डीलर सन्प्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि होटल के एक अधिकारी ने अपने कर्मचारियों के लिए किराये पर मकान तलाशने की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी थी। इसके बाद उन्होंने चार मकान दिखाए, जिनमें से एक मकान अधिकारी को पसंद आ गया। सन्प्रीत के अनुसार किराया तय कराने के बाद उन्होंने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर कागजात भी होटल अधिकारी को उपलब्ध करा दिए।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में संबंधित अधिकारी ने मकान मालिक से सीधे संपर्क कर मकान किराये पर ले लिया और उन्हें तय कमीशन से वंचित कर दिया। जब वह इस संबंध में बातचीत करने होटल पहुंचे तो उनके साथ गाली-गलौज की गई और अपमानित करते हुए अभद्र व्यवहार किया गया।
सन्प्रीत सिंह ने इसकी जानकारी कांग्रेस नेता संजय जुनेजा और पार्षद सौरभ बेहड़ को दी। दोनों नेता समर्थकों के साथ होटल पहुंचे और प्रबंधन से बातचीत का प्रयास किया, लेकिन उनका आरोप है कि होटल की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी बातचीत के लिए सामने नहीं आया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने होटल के बाहर धरना शुरू कर दिया।
कांग्रेस नेता संजय जुनेजा और पार्षद सौरभ बेहड़ ने कहा कि एक स्थानीय कारोबारी के साथ अन्याय और अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित को न्याय नहीं मिलता और होटल प्रबंधन अपना पक्ष स्पष्ट नहीं करता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद के समाधान का प्रयास किया जाएगा।




