पंतनगर से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान रवाना
पंतनगर/रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए उड़ान योजना के तहत पवन हंस द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ कर दिया गया। बुधवार को विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पंतनगर से नौकुचियाताल के लिए पहली हेली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान नारियल फोड़कर विधिवत शुभारंभ किया गया।
विधायक शिव अरोरा ने इसे पर्यटन और पहाड़ी क्षेत्रों के विकास के लिए क्रांतिकारी पहल बताया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर के बीच हेली सेवाएं शुरू की गई हैं। इससे यात्रियों को कम समय में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हेली सेवा के माध्यम से पर्यटक महज आधे से एक घंटे के भीतर पहाड़ी गंतव्यों तक पहुंच सकेंगे। साथ ही नेपाल सीमा और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी आवागमन में सुविधा होगी। यह पहल सुलभ, किफायती और विश्वसनीय हवाई परिवहन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि यह हेली सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को जोड़ने का काम करेगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने की दिशा में विस्तार कार्य जल्द शुरू होगा, जिससे यह नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भी जुड़ सकेगा।
इस अवसर पर कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




