किच्छा में गैंगस्टर ने फिर फैलाई दहशत… पुलिस को चुनौती…

रुद्रपुर। गैंगस्टर गगनदीप सिंह उर्फ गगन रतनपुरिया एक बार फिर फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले में चर्चा में है। शनिवार को किच्छा की आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े पिस्टल से फायरिंग और फावड़े से हमला करने का आरोप उस पर लगा है। जगदीश की तहरीर के मुताबिक, गगनदीप अपने साथियों के साथ सफेद ब्रेजा कार में पहुंचा था। पहले उसने पिस्टल दिखाकर धमकाया और फिर कार से पीछा कर रास्ता रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि गाड़ी टकराने के बाद आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और फावड़े से हमला किया। गगन रतनपुरिया का नाम सितंबर 2025 में रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह महाविद्यालय में छात्रसंघ नामांकन के दौरान हुई फायरिंग में भी सामने आया था। इसके अलावा वह अन्य आपराधिक मामलों में भी नामजद रहा है। ऑपरेशन लंगड़ा के दौरान गोली लगने के बाद घायल अवस्था में उसकी गिरफ्तारी हुई थी।