जनआक्रोश के बाद सरकार का बड़ा फैसला: लेन परियोजना में पेड़ों की कटाई पर फिलहाल रोक, सभी पक्षों से संवाद के बाद ही बढ़ेगी आगे की कार्रवाई

Share the news

देहरादून। देहरादून-ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर उठ रही पर्यावरणीय और जनसरोकारों से जुड़ी चिंताओं के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी हितधारकों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों की कटाई स्थगित रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से नागरिकों, पर्यावरणविदों और स्थानीय लोगों की ओर से सामने आए सुझावों और आपत्तियों का सरकार ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि यह भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही थी।

सीएम धामी ने कहा कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। इसके तहत करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट बनाए जाने का प्रावधान है। इससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मौत की घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, पर्यावरण विशेषज्ञों और अन्य सभी हितधारकों के साथ दोबारा विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के पक्ष में है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि उच्च न्यायालय के निर्देशों और निर्णयों का पूर्ण सम्मान करते हुए ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। सरकार का प्रयास है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन कायम रखते हुए सभी पक्षों का विश्वास हासिल किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *