संवाददाता, रुद्रपुर।
उत्तराखंड एसटीएफ ने ऊधमसिंहनगर जिले के बाजपुर में नकली दवाइयों के बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट, औषधि प्रशासन, स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई में औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटैक फैक्टरी और एनएच-74 स्थित गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली एलोपैथिक दवाइयां, पैकेजिंग मशीनें, अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी सामग्री बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेन्द्र पुत्र ब्रहम सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक और फूड लाइसेंस की आड़ में स्टैडमेड, मैक्लोड्स, इंटास, सन फार्मा समेत कई नामी कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
छापेमारी के दौरान करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार से अधिक सिरप की बोतलें बरामद हुईं। इनमें एंटीबायोटिक, एंटासिड, दर्द निवारक, न्यूरोपैथिक पेन, प्रोस्टेट, कैल्शियम, विटामिन और आयरन सप्लीमेंट जैसी जीवन रक्षक एवं सामान्य उपयोग की दवाइयां शामिल हैं। इसके अलावा मैकडॉवेल नंबर-1 के 1632 क्वार्टर, 1016 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, हजारों खाली शीशियां, रैपर, ढक्कन और उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम भी बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है। फैक्टरी से एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन समेत दवा निर्माण में प्रयुक्त कई उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ बाजपुर थाने में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम-1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। अवैध शराब बरामदगी के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। एसटीएफ का कहना है कि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




