दिनेशपुर।
उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक कथित फर्जी डॉक्टर को पकड़ा गया है। आरोपी पर बिना वैध डिग्री और अनुमति के लोगों का इलाज करने तथा आयुर्वेदिक दवाइयों में एलोपैथिक दवाएं मिलाकर मरीजों को देने का गंभीर आरोप है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत निवासी एक युवक लंबे समय से खुद को डॉक्टर बताकर क्षेत्र में क्लीनिक चला रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह मरीजों को आयुर्वेदिक दवा के नाम पर एलोपैथिक दवाएं मिलाकर दे रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा था। इसकी शिकायत लगातार प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को मिल रही थी।
शिकायत के आधार पर दिनेशपुर पुलिस, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विभाग की टीम और संबंधित अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लीनिक की जांच की, जहां से कई संदिग्ध दवाइयां बरामद की गईं। अधिकारियों ने दवाओं के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी केवल 12वीं पास है और उसके पास किसी प्रकार की वैध चिकित्सकीय डिग्री या इलाज से संबंधित आवश्यक अनुमति नहीं मिली। प्रशासनिक अधिकारियों ने क्लीनिक से जुड़े दस्तावेज और लाइसेंस भी खंगाले, जिनमें कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से मरीजों का उपचार कर रहा था।
ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि दवाओं की सैंपलिंग कर ली गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने ऐसे फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




