देशभर के युवाओं को ऑनलाइन ठगने वाला इंजीनियर गिरफ्तार, एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई

देहरादून एसटीएफ ने ऑनलाइन जॉब के नाम पर देशभर के बेरोजगार युवाओं को ठगने वाले इंजीनियरिंग छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी का रहने वाला कृपाल शर्मा है, जो देहरादून के प्रेमनगर स्थित एक प्रतिष्ठित कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। वह वेबसाइट और लिंक्डइन के माध्यम से युवाओं को ठगी का शिकार बना रहा था।

ऐसे करता था ठगी

एसटीएफ एसएसपी नवनीत भुल्लर के अनुसार, आरोपी लिंक्डइन के जरिए बेरोजगार युवाओं से संपर्क करता था। उन्हें अपनी कंपनी “न्यूट्रिनो लैब” में ऑनलाइन जॉब का झांसा देता था। इसके बाद, वह युवाओं से फिजिक्स, बायोलॉजी और अन्य विषयों का टेस्ट दिलवाता था। टेस्ट देने के लिए अपनी वेबसाइट “न्यूट्रिनो डॉट इन” से पैनटैब खरीदने को कहता था। 5,000 से 6,000 रुपये जमा कराने के बाद उनका नंबर ब्लॉक कर देता था।

देशभर से आई थी 30 से ज्यादा शिकायतें

भारतीय साइबर क्राइम समन्वय केंद्र (I4C) को आरोपी के खिलाफ हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों से 30 से ज्यादा शिकायतें मिली थीं।

सूचना के आधार पर एसटीएफ ने प्रेमनगर क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी और बरामदगी

  • एसटीएफ टीम ने कृपाल शर्मा को प्रेमनगर से गिरफ्तार किया। उसके पास से
  • लैपटॉप, मोबाइल फोन, पैनटैब, डेबिट और क्रेडिट कार्ड बरामद किए गए।
  • दो करंट अकाउंट की जांच जारी है, जिससे ठगी की पूरी रकम का पता लगाया जा सके।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

एसआई विपिन बहुगुणा की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने युवाओं को ठगा है और कुल कितनी रकम वसूली गई है।

फिलहाल, एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य संभावित साथियों की तलाश कर रही है।