फेसबुक पर बाइक का सौदा, 1.20 लाख रुपये ठगे, पति की मौत के बाद महिला ने मांगी रकम तो आरोपित ने फोन उठाना किया बंद

रुद्रपुर। फेसबुक पर यामाहा आरएक्स-100 बाइक खरीदने का सौदा करना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की एक महिला के परिवार को भारी पड़ गया। बाइक दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने के बाद न तो बाइक मिली और न ही रकम वापस हुई। पति की मौत के बाद महिला ने रुपये लौटाने की मांग की तो आरोप है कि रकम लेने वाले व्यक्ति ने फोन उठाना बंद कर दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ट्रांजिट कैंप के गंगापुर निवासी सुमन देवी पत्नी रणवीर प्रसाद दिवाकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति ने 28 दिसंबर 2025 को फेसबुक पर समीर खान नाम की आईडी से यामाहा आरएक्स-100 बाइक देखी थी। इसके बाद फेसबुक के माध्यम से मिले व्हाट्सएप नंबर पर संपर्क किया। बाइक की कीमत 1.60 लाख रुपये बताई गई। सौदा तय होने पर उनके पति ने तीन किस्तों में 1.20 लाख रुपये दे दिए, लेकिन बाइक नहीं मिली।

 

इसी बीच पति की तबीयत बिगड़ गई और उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद सुमन देवी ने बाइक के संबंध में संपर्क किया तो आरोपित ने शेष 40 हजार रुपये देने पर बाइक भेजने की बात कही। महिला ने पति की मृत्यु का हवाला देकर अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपित ने रमजान के बाद रुपये लौटाने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। ठगी का आरोप लगाते हुए महिला ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की मांग की है। एसएसआई मुकेश मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।