देहरादून। संवाददाता
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड सरकार ने सात जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) के तबादले और नई तैनातियां की हैं। स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय द्वारा जारी आदेश के तहत अल्मोड़ा, नैनीताल, पिथौरागढ़, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में नए सीएमओ नियुक्त किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार डॉ. योगेश पुरोहित को अल्मोड़ा, डॉ. रश्मि पंत को नैनीताल, डॉ. हरीश चन्द्र पंत को पिथौरागढ़, डॉ. मेघना असवाल को पौड़ी, डॉ. अमित कुमार शुक्ला को रुद्रप्रयाग, डॉ. राम प्रकाश को टिहरी तथा डॉ. श्याम विजय को उत्तरकाशी जिले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है।
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों और विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में चिकित्सकीय सेवाओं की चुनौतियों के बीच सरकार का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार लंबे समय से स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है।
स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए अधिकारियों के नेतृत्व में संबंधित जिलों की स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार देखने को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार और शासन स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नए सीएमओ की नियुक्ति को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


