जहरीला पदार्थ खाने और ऊंचाई से गिरने से दो की मौत, शांतिपुरी में किसान ने घर में खाया जहरीला पदार्थ, हुंडई शोरूम में पेंटिंग करते समय गिरा मजदूर

रुद्रपुर। जिले में अलग-अलग घटनाओं में किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। शांतिपुरी नंबर चार में किसान ने घर में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, किच्छा बाइपास रोड स्थित हुंडई शोरूम में पेंटिंग का काम करते समय ऊंचाई से गिरकर मजदूर की जान चली गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

 

शांतिपुरी नंबर चार निवासी 55 वर्षीय नरीराम खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी लीला देवी, बेटी और दो बेटे पंकज व गोकुल हैं। मंगलवार को नरीराम किसी कारण से अपने कमरे में चले गए। कुछ देर बाद उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर स्वजन को इसका पता चला तो घर में अफरातफरी मच गई। परिजन उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पर पंतनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहरीला पदार्थ खाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

 

दूसरी घटना में रामपुर के बिलासपुर निवासी 52 वर्षीय श्याम सुंदर की मौत हो गई। वह पेंटिंग का काम करते थे। मंगलवार को काम की तलाश में लेबर अड्डे पर मौजूद थे। इसी दौरान किच्छा बाइपास रोड स्थित हुंडई शोरूम का कर्मचारी राहुल उन्हें पेंटिंग के काम के लिए अपने साथ ले गया। शोरूम में काम करते समय श्याम सुंदर ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। कर्मचारियों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली के एसआई जितेंद्र खत्री पुलिसकर्मियों के साथ अस्पताल पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसआई ने बताया कि मृतक के स्वजन से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।