छोटे भाई से रंजिश, बीच-बचाव करने वाले बड़े भाई की गोली मारकर हत्या, चार दिन पहले हुआ था विवाद, घर पर पथराव के बाद की फायरिंग; लौटते समय खेत से आ रहे सतनाम को घेरकर सीने में मारी गोली

रुद्रपुर। नानकमत्ता के सिद्धा नवदिया गांव में पुरानी रंजिश के चलते शनिवार रात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर युवक के छोटे भाई को निशाना बनाने आए थे, लेकिन रास्ते में उसका बड़ा भाई मिल गया। हमलावरों ने उसे घेरकर सीने में गोली मार दी। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस पर पूर्व में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

 

नानकमत्ता के ग्राम सिद्धा नवदिया निवासी सतनाम सिंह (35) पुत्र चरनजीत सिंह शनिवार रात खेत से मूंगफली की कटी फसल देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव में चार दिन पहले हुए विवाद की रंजिश में दूसरे पक्ष के लोग उसके घर पहुंच गए। बताया जाता है कि विवाद में सतनाम के छोटे भाई कुलदीप सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई थी। उस समय सतनाम ने बीच-बचाव किया था, जिसके बाद से आरोपी उससे भी रंजिश रखने लगे थे।

 

शनिवार रात करीब दस बजे हमलावरों ने सतनाम के घर के बाहर पहुंचकर पथराव किया और फायरिंग शुरू कर दी। घर में मौजूद सतनाम का पुत्र प्रिंस छत पर पहुंचकर घटना का वीडियो बनाने लगा तो आरोपियों ने उस पर भी गोली चला दी। हालांकि, वह बाल-बाल बच गया। प्रिंस ने हमलावरों की फायरिंग का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए वहां से निकल गए।

 

खेत से लौटते समय घेरा, सीने में मारी गोली

 

घर से लौटते समय रास्ते में सतनाम सिंह हमलावरों के सामने आ गया। आरोपियों ने उसे घेरकर गोली चला दी। सीने में गोली लगने से सतनाम मौके पर ही गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल उप चिकित्सालय सितारगंज ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रुद्रपुर रेफर कर दिया। देर रात जिला अस्पताल में सतनाम को मृत घोषित कर दिया गया।

 

सूचना पर पहुंची नानकमत्ता पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। रविवार सुबह पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने पहले ही विवाद और जान से मारने की धमकी के संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।