गांधी पार्क के पास युवक पर जानलेवा हमला, भाजपा नेता के बेटे समेत दो दबोचे; सुमित के पास तमंचा-कारतूस बरामद, फरार हमलावरों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश

रुद्रपुर। गांधी पार्क के पास युवक को घेरकर तलवार और डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक भाजपा नेता का पुत्र बताया जा रहा है। पुलिस ने दूसरे आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है। मामले में नामजद अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

भदईपुरा निवासी आकाश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह सितंबर की सुबह करीब आठ बजे वह गांधी पार्क के पास खड़ा था। इसी दौरान स्कार्पियो सवार किच्छा निवासी गगन रतनपुरिया, ट्रांजिट कैंप निवासी पवन शर्मा, कौशल शर्मा, सुमित चौधरी समेत अन्य लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि आरोपियों ने आकाश को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से तलवार और डंडों से हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की विवेचना बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कोहली कर रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार सुराग जुटा रही थी।

सोमवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल सुमित चौधरी और पवन शर्मा काशीपुर रोड स्थित बागवाला फ्लाईओवर के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश दानू, एसएसआई खुशवंत सिंह, विवेचक एवं बाजार चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार, एएसआई अमित कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक सुमित के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार पवन शर्मा भाजपा नेता का पुत्र बताया जा रहा है। दोनों को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है।