कार्रवाई से संचालकों में मचा हड़कंप
किच्छा। स्वास्थ्य विभाग ने किच्छा में बिना पंजीकरण चल रहे क्लीनिकों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ा शिकंजा कसा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र में औचक छापेमारी की। एक साथ हुई कार्रवाई से बिना मानकों के क्लीनिक संचालित करने वालों में खलबली मच गई।
टीम ने गुप्ता डेंटल केयर, गुरुकृपा क्लीनिक, अर्चना क्लीनिक, राहुल क्लीनिक और मित्रा क्लीनिक का निरीक्षण किया। जांच में पांचों क्लीनिक बिना वैध पंजीकरण के संचालित होते मिले। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, बिना पंजीकरण चिकित्सा सेवाएं देना नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन है।
नोडल अधिकारी डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि किसी भी क्लीनिक के पास वैध पंजीकरण नहीं मिला। पांचों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने साफ किया कि मानकों को ताक पर रखकर मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती जारी रहेगी।
सीएमओ डॉ. संजीव कुमार गोस्वामी ने कहा कि बिना पंजीकरण और मानकों के विपरीत चल रहे क्लीनिकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
