ड्यूटी के लिए निकले ब्रिटानिया कर्मचारी को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत, जगतपुरा में तड़के हुआ हादसा, शुरुआत में नहीं हो पाई मृतक की शिनाख्त; गदरपुर में रहता है परिवार

रुद्रपुर। ड्यूटी के लिए घर से निकले ब्रिटानिया कंपनी के कर्मचारी की गुरुवार तड़के सड़क हादसे में मौत हो गई। जगतपुरा में अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। शुरुआत में मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। बाद में परिजनों के पहुंचने पर उनकी पहचान हंसना सिंह (43) पुत्र रामपाल सिंह के रूप में हुई।

 

हंसना सिंह मूल रूप से गदरपुर के प्रतापपुर रोड स्थित वार्ड नंबर-एक के रहने वाले थे। परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं। उनका परिवार गदरपुर में ही रहता है। हंसना सिंह कुछ समय से जगतपुरा में किराये का कमरा लेकर अकेले रह रहे थे। वह सिडकुल स्थित ब्रिटानिया कंपनी में कर्मचारी थे।

 

बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हंसना सिंह रोज की तरह ड्यूटी जाने के लिए किराये के कमरे से निकले थे। इसी दौरान जगतपुरा क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी देर तक मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास जानकारी जुटाई। बाद में परिजनों को सूचना मिली तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा होने की बात सामने आई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।