शास्त्री नगर में देर रात फिर गूंजी गोलियों की आवाज, शिकायत से भड़के युवकों पर फायरिंग का आरोप
रुद्रपुर (संवाददाता)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में गुरुवार देर रात एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहशत फैल गई। कुछ दिन पहले दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद हुई फायरिंग की शिकायत पुलिस से किए जाने से नाराज बताए जा रहे तीन-चार बाइक सवार युवक इलाके में पहुंचे और हवाई फायरिंग कर उत्पात मचाया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर में कुछ समय पूर्व दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके दौरान एक पक्ष द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप लगा था। इस मामले की शिकायत स्थानीय लोगों ने पुलिस से की थी। बताया जा रहा है कि इसी शिकायत से नाराज होकर गुरुवार देर रात तीन-चार बाइक पर सवार युवक शास्त्री नगर पहुंचे। आते ही उन्होंने दो-तीन राउंड फायरिंग की, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग की आवाज सुनकर घर के बाहर बैठे जितेंद्र प्रसाद घबराकर अंदर चले गए। इसके बाद आरोपित उनके घर के बाहर पहुंचे और वहां रखी कुर्सियों में तोड़फोड़ कर दी। आरोप है कि युवकों ने घर के बाहर भी दो-तीन राउंड हवाई फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकलने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक खाली कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि देर रात फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।



