जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत,पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस ने शुरू की जांच

Share the news

रुद्रपुर। शहर के आवास विकास क्षेत्र में बच्चे के जन्मदिन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 29 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:19 बजे जिला अस्पताल से पुलिस को महिला की मृत्यु की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल अस्पताल पहुंची, जहां मृतका के पति अनमोल कक्कड़, ससुर सतीश कक्कड़ और मायके पक्ष के लोग मौजूद थे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका शाईन अरोड़ा का विवाह वर्ष 2018 में अनमोल कक्कड़ से हुआ था। दंपति के दो बच्चे हैं। सोमवार को उनके बेटे शब्द कक्कड़ का जन्मदिन था, जिसके चलते घर में देर रात तक जश्न और तैयारियां चलती रहीं। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए।

बताया गया कि देर रात करीब ढाई बजे छोटी बेटी जीविका ने मां को उठाने की कोशिश की, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। बच्ची के रोने पर पति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तथा महिला को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *