रुद्रपुर। रविंद्र नगर मोहल्ले में दूध में थूक मिलाकर बेचने के आरोप से हड़कंप मच गया। मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता जोगिंदर सिंह ने बुधवार को आवास विकास पुलिस चौकी में प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आरोप सही पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 26 अगस्त को दोपहर करीब ढाई बजे अमित वर्मा नामक व्यक्ति ने फोन कर एक दूध विक्रेता पर दूध में थूक मिलाकर बेचने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर जोगिंदर सिंह मौके पर पहुंचे, जहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी दिखाई।
तहरीर में बताया गया है कि मौके पर एक व्यक्ति से उसका नाम पूछने पर उसने अपना नाम प्रेम बताया। इसके बाद लोगों ने उसकी मोटरसाइकिल में रखे दस्तावेजों की जांच की, जिनमें नाम मोहम्मद शाहिद और पता बिलासपुर दर्ज होने की बात कही गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही कहा है कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।




