रक्षाबंधन से पहले भाई ने उजाड़ दिया बहनों का संसार, दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या

Share the news

रुड़की में सनसनीखेज वारदात से दहला इलाका, आरोपी भाई ने जीजा को भी मारी गोली; पारिवारिक विवाद की आशंका

 

रुड़की। जिस रक्षाबंधन पर बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की दुआ मांगती हैं, उसी पावन पर्व से पहले रुड़की में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई। मंगलवार देर शाम एक भाई पर अपनी ही दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोपी ने बहनों के जीजा पर भी फायरिंग की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोहरे हत्याकांड के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।

 

वारदात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के गणेशपुर-आजाद नगर पनियाला रोड स्थित माता मंदिर के सामने गली नंबर पांच में हुई। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी विक्की ने पहले गणेशपुर निवासी अपनी बहन शकुंतला पर फायरिंग की। इसके बाद वह आजाद नगर पहुंचा और दूसरी बहन पुष्पा तथा उसके पति पर गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीजा गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

रक्षाबंधन से ठीक पहले सामने आई इस वारदात ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को लेकर लोगों को झकझोर दिया। जिन हाथों में रक्षाबंधन पर भाई की कलाई सजाने के लिए राखी होनी थी, वही बहनें अब दुनिया में नहीं हैं। परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

 

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस को विक्की नाम के युवक द्वारा दो सगी बहनों की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। एक व्यक्ति घायल मिला, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *