मेट्रोपोलिस मॉल के स्पा सेंटर पर वसूली और बंधक बनाने का आरोप, युवक से मोबाइल छीना, झूठे केस में फंसाने की धमकी, एसएसपी के निर्देश पर जांच शुरू

रुद्रपुर। थाना गदरपुर क्षेत्र निवासी जसवंत नामक युवक ने एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपकर मेट्रोपोलिस मॉल स्थित एक स्पा सेंटर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि 30 जनवरी को वह मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थित एक स्पा सेंटर में मसाज कराने गया था। सेवा लेने के बाद उसने निर्धारित भुगतान भी कर दिया।

आरोप है कि जैसे ही वह वहां से निकलने लगा, स्पा सेंटर में मौजूद कुछ युवतियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और उससे अतिरिक्त धनराशि की मांग करने लगीं। विरोध करने पर उसे कथित तौर पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। युवक का यह भी आरोप है कि इसी दौरान स्पा सेंटर का संचालक, जो रुद्रपुर का निवासी बताया जा रहा है, वहां पहुंचा और उसे कमरे में बंधक बना लिया। उसके साथ हाथापाई की गई और पैसे न देने पर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

जसवंत के अनुसार, वह किसी तरह मौके का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्पा संचालक ने अपने पास रख लिया। युवक ने ब्लैकमेलिंग का भी आरोप लगाया है और कहा है कि शिकायत करने पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी जा रही है।

एसएसपी के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।