कमरे में बंद थी महिला, खिड़की से झांका तो फंदे पर लटकता मिला शव, तीनपानी डाम दुर्गा बिहार कॉलोनी में घरेलू कलह के बाद महिला ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र की दुर्गा बिहार कॉलोनी में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजनों ने कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो महिला पंखे से लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4:21 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि तीनपानी डाम स्थित दुर्गा बिहार कॉलोनी में एक महिला ने कमरे में फांसी लगा ली है। सूचना पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस, महिला पुलिसकर्मी तथा फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची।

जांच में मृतका की पहचान सुमित्रा देवी के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार को किसी बात को लेकर सुमित्रा देवी और उनके पति के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद महिला अपने कमरे में चली गई थी। गुरुवार को जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को संदेह हुआ। खिड़की से देखने पर महिला पंखे से लटकी दिखाई दी।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। अंदर पहुंचने पर महिला को रस्सी के सहारे फंदे से लटका पाया गया। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।