पुलिस ने बरामद किया घटना में प्रयुक्त हथियार
रुद्रपुर। घरेलू विवाद ने उस समय खूनी रूप ले लिया जब एक पति ने अपनी पत्नी पर कथित तौर पर ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और उसके पास मौजूद बेटे को लेकर फरार हो गया। मामले में ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त आधी ईंट भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार बाजपुर दोराहा निवासी लवली ने ट्रांजिट कैम्प थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसका पति विशाल प्रजापति आए दिन उसके साथ मारपीट और गाली-गलौच करता था। आरोप है कि 15 जून को वह अपने पुत्र के साथ रुद्रपुर रोडवेज पहुंची थी, तभी विशाल वहां पहुंच गया और बेटे को उससे छीनने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर ईंट से कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद आरोपी पुत्र को लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर ट्रांजिट कैम्प थाने में मुकदमा अपराध संख्या 167/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान आरोपी विशाल प्रजापति पुत्र ओमप्रकाश प्रजापति, निवासी आजाद नगर वार्ड नंबर-4, ट्रांजिट कैम्प को मोदी मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में प्रयुक्त ईंट को घर के पास नाले में फेंकने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर आधी ईंट बरामद कर उसे सीलबंद करते हुए कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।




