माँ के पास सो रही नौ साल की मासूम से पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म, मां के पैर टच होने से खुला राज…

Share the news

रुद्रपुर। खेड़ा मोहल्ले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक कलयुगी पड़ोसी ने घर में घुसकर माँ के पास सो रही नौ साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया। शोर मचने पर ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे खुला राज: माँ के पैर से टकराया आरोपी का पैर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की माँ अपने तीन बच्चों के साथ किराए के मकान में रहती है, जबकि उसका पति दिल्ली में मजदूरी करता है। गुरुवार रात महिला अपने बच्चों के साथ कमरे में सो रही थी। पड़ोस के कमरे में रहने वाला ओमवीर सिंह का पुत्र राहुल चौहान देर रात चुपके से महिला के कमरे में दाखिल हुआ और नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म किया।

वारदात के दौरान जब आरोपी का पैर सो रही महिला के पैर से टकराया, तो उसकी नींद खुल गई। अपनी आँखों के सामने मासूम बेटी के साथ पड़ोसी युवक को आपत्तिजनक अवस्था में देखकर महिला के पैरों तले जमीन खिसक गई। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए भाग रहे आरोपी को दबोच लिया और शोर मचा दिया।

फॉरेंसिक टीम को मिले अहम सबूत

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुँच गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुँची। जाँच के दौरान फॉरेंसिक टीम को कमरे से आरोपी राहुल की शर्ट का एक टूटा हुआ बटन बरामद हुआ है, जो इस मामले में महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य माना जा रहा है। पुलिस ने मौके से अन्य साक्ष्य भी एकत्रित किए हैं।

पुलिस की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने बताया:

“पीड़िता की माँ की तहरीर पर राहुल चौहान के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जाएगा।”

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की माँग की है ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लग सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *