रुद्रपुर। पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। कार्यों की समीक्षा के दौरान दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ और पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार समीक्षा में सामने आया कि आईटीआई कोतवाली में लंबित विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में भी अनावश्यक विलंब किया जा रहा था। उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद विवेचनाओं की नियमित समीक्षा नहीं होने और कार्यों में शिथिलता मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ के खिलाफ कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के कार्यों की समीक्षा में भी शिकायतों के निस्तारण में देरी और दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही सामने आई। इसे गंभीर मानते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता, विवेचनाओं में शिथिलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।




