उफनती नदी के बीच जिंदगी की जंग: चट्टानों में फंसे व्यक्ति को एसडीआरएफ ने मौत के मुहाने से निकाला, तेज बहाव और विषम परिस्थितियों के बीच सफल रहा रेस्क्यू अभियान

Share the news

तेज बहाव के बीच चट्टानों में फंसे व्यक्ति को एसडीआरएफ ने सुरक्षित निकाला

 

सोनप्रयाग। लगातार बारिश के कारण बढ़े नदी-नालों के जलस्तर के बीच राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक व्यक्ति को उफनती नदी के किनारे से सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी जान बचा ली।

 

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह कोतवाली सोनप्रयाग के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि केदारनाथ यात्रा मार्ग स्थित शटल पुल के पास एक व्यक्ति नदी किनारे विशाल चट्टानों के बीच फंस गया है। नदी का तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर उसकी जान के लिए गंभीर खतरा बन चुका था।

 

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि व्यक्ति उफनती नदी के बेहद निकट एक चट्टान के पास फंसा हुआ था और स्वयं सुरक्षित स्थान तक पहुंचने में असमर्थ था।

 

विषम परिस्थितियों और फिसलन भरे रास्तों के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने वैकल्पिक मार्ग से घटनास्थल तक पहुंच बनाई और सूझबूझ व साहस का परिचय देते हुए सफल रेस्क्यू अभियान चलाकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

 

रेस्क्यू किए गए व्यक्ति की पहचान बचन सिंह (56) निवासी मटधार, घनसाली, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सरकारी वाहन से सोनप्रयाग चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *