यूकेएसएसएससी परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 55 केंद्रों पर 18,302 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा; मोबाइल-घड़ी प्रतिबंधित, कंट्रोल रूम भी स्थापित

Share the news

यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा की तैयारियां पूरी, जिले में 55 केंद्रों पर 18,302 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की ओर से 14 जून को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होती। सभी केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक और कक्ष निरीक्षक पूरी सतर्कता के साथ परीक्षा संपन्न कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों का एक दिन पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट घड़ी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

 

उन्होंने आयोग के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले जैमर लगाए जाएं और उनकी कार्यशीलता पहले से जांच ली जाए। अभ्यर्थियों की चेकिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन सीसीटीवी निगरानी में परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही किया जाएगा। प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा और खोला जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा केंद्रों पर गर्मी को देखते हुए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी तथा बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

 

अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 55 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें रुद्रपुर-किच्छा में 21 केंद्रों पर 7,424, गदरपुर में 15 केंद्रों पर 4,308, बाजपुर में 11 केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर में 8 केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

 

उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा समस्या के लिए अभ्यर्थी कंट्रोल रूम नंबर 05944-250250 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *