रुद्रपुर। पड़ोस में रहने वाली नाबालिग बच्ची को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने के मामले में विशेष सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) अनीता गुंज्याल की अदालत ने अभियुक्त नईम को दोषी ठहराया है। अदालत ने उसे धारा 363 और 366 आईपीसी तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 16/17 के तहत तीन-तीन वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। इसके अलावा अदालत ने कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
मामला जून 2021 का है। रुद्रपुर के पहाड़गंज क्षेत्र में रहने वाले नईम पर आरोप था कि उसने पड़ोस में रहने वाली नाबालिग बच्ची को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया। 11 जून को बच्ची की मां के घर पर नहीं होने के दौरान आरोपी ने उसे फोन कर सितारगंज बुलाया। आरोप है कि वहां से वह बच्ची को बाइक पर बैठाकर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत स्थित अपने गांव भंगा ले गया।
बच्ची के घर से गायब होने के बाद उसकी मां ने रुद्रपुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के मुताबिक बच्ची को आरोपी के परिजन 13 जून को वापस छोड़ गए। इसके बाद पुलिस ने 21 जून को नईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने बच्ची के अपनी इच्छा से जाने का तर्क दिया। वहीं अभियोजन ने स्कूल अभिलेखों के आधार पर उसकी उम्र घटना के समय 9 वर्ष 11 माह छह दिन साबित की। अदालत ने माना कि इतनी कम उम्र की बच्ची अपने हित-अहित का निर्णय लेने की स्थिति में नहीं होती और उसकी सहमति को कानूनी आधार नहीं माना जा सकता।
अदालत ने धारा 363 में पांच हजार, धारा 366 में 10 हजार और पॉक्सो एक्ट में पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया। साथ ही पीड़िता के पुनर्वास के लिए राज्य सरकार को एक लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।
